
शमीरपुर और सलोल में नवनिर्मित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र जनता को समर्पित
कांगड़ा, 19 अगस्त। आयुष, कानून, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने बुधवार को कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के शमीरपुर और सलोल में नवनिर्मित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन कर इन्हें जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आयुर्वेद एवं अन्य आयुष चिकित्सा पद्धतियों को मजबूत करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यादविंद्र गोमा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में चिट्टे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें आम जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं को नशे से बचाने के लिए सभी लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने 14 वर्ष तक की बेटियों को एचपीवी का टीका लगवाने का भी आह्वान किया।उन्होंने बताया कि प्रदेश में आयुष स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ नए आयुर्वेदिक संस्थानों को विकसित किया जा रहा है। पांच स्थानों पर होम्योपैथिक चिकित्सकों की तैनाती की गई है, जबकि 14 संस्थानों में पंचकर्म तकनीशियन कोर्स शुरू किए गए हैं। प्रदेश के 161 वेलनेस सेंटरों को भी अपडेट किया गया है, ताकि लोगों को उनके नजदीक आधुनिक आयुष स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।मंत्री ने कहा कि आयुर्वेद प्रदेश की समृद्ध पारंपरिक चिकित्सा पद्धति है और वर्तमान समय में लोगों का रुझान प्राकृतिक एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाओं की ओर बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि आयुष संस्थानों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के साथ प्रशिक्षित स्टाफ और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।उन्होंने बताया कि शमीरपुर में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण पर 23.31 लाख रुपये, जबकि सलोल में स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण पर 30.11 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इन केंद्रों से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर-द्वार के समीप प्राथमिक आयुष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों ने मुख्य अतिथि का आभार जताते हुए स्थानीय समस्याएं और मांगें उनके समक्ष रखीं। एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा और एपीएमसी अध्यक्ष निशु मोंगरा ने कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र को स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात देने के लिए मंत्री का आभार जताया। उन्होंने खेल मैदान उपलब्ध करवाने, इन स्वास्थ्य केंद्रों को वेलनेस स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने तथा सभी आयुष स्वास्थ्य केंद्रों में पंचकर्म सुविधा शुरू करने की मांग रखी।अजय वर्मा ने शमीरपुर के लिए बस सुविधा देने की घोषणा की तथा तरखानखड में लोगों द्वारा उठाई गई बस समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। मंत्री यादविंद्र गोमा ने सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।कार्यक्रम के दौरान तरखानखड पंचायत निवासी जोगिंदर सिंह द्वारा आयुष स्वास्थ्य केंद्र के लिए जमीन दान करने के कार्य की भी सराहना की गई। मुख्य अतिथि ने उन्हें सम्मानित किया।इस अवसर पर एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजली गर्ग, उपनिदेशक डॉ. इंदु शर्मा, जिला आयुष अधिकारी डॉ. बृजनंदन, बीडीओ पारुल कटियार, आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. बबीता गौतम, एससी बीएम ठाकुर, बीएमओ विक्रम कटोच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, बीडीसी सदस्य, जिला परिषद सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

