एसडीएम रोहड़ू ने पीड़ित परिवारों को दी फौरी राहत
रोहड़ू उपमंडल में पब्बर नदी में नहाने के दौरान डूबे दोनों 16 वर्षीय छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्थानीय लोगों, पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला।एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने बताया कि करासा निवासी 16 वर्षीय शिवेन रोशन पुत्र शिशु पाल और बनोटी निवासी 16 वर्षीय सक्षम पुत्र राजदेव पब्बर नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी की चपेट में आ गए और उनकी डूबने से मौत हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। एनडीआरएफ को भी सूचना दी गई, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग किया।रेस्क्यू के दौरान कोटडु (करासा) निवासी मंगत राम डोगरा ने एक छात्र का शव नदी से बाहर निकाला। वहीं, दूसरे छात्र का शव एनडीआरएफ की मदद से बरामद किया गया।एसडीएम ने बताया कि प्रशासन की ओर से दोनों मृत छात्रों के परिजनों को नियमानुसार फौरी राहत उपलब्ध करवाई गई है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा भी दिया है।हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने दोनों परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।
