
बड़सर में आयोजित 80वें राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन अवसर पर स्कूली बच्चों में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से ऑटोग्राफ लेने को लेकर खासा उत्साह नजर आया। बच्चों की मांग भी कुछ अलग थी। वे मुख्यमंत्री से शर्ट की आगे की बजाय पीछे यानी पीठ पर ऑटोग्राफ लेने की जिद करने लगे।मुख्यमंत्री ने पहले बच्चों को समझाते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर कमीज की पीठ पर ऑटोग्राफ दिया तो उनके मम्मी-पापा नाराज हो सकते हैं। लेकिन बच्चे अपनी मांग पर अड़े रहे। आखिरकार मुख्यमंत्री ने बच्चों की इच्छा का मान रखते हुए उनकी शर्ट की पीठ पर ऑटोग्राफ दे दिया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था।
