मूसलाधार बारिश और लगातार भूस्खलन के बावजूद रातभर चला राहत अभियान, जोखिम उठाकर मरीज को दूसरी एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया।
भरमौर | आपकी आवाज़ न्यूज़ ब्यूरोलगातार हो रही मूसलाधार बारिश और सक्रिय भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए (एनएच-154ए) कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) चंबा, पुलिस प्रशासन और भरमौर प्रशासन की संयुक्त टीम ने पूरी रात और दिनभर युद्धस्तर पर राहत एवं सड़क बहाली अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद अधिकांश स्थानों से मलबा हटाकर मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया, जबकि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और बहाली का कार्य अभी भी जारी है।इसी दौरान मानवता और जनसेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल भी देखने को मिली। भरमौर से पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज, चंबा रेफर किए गए एक गंभीर मरीज को लेकर जा रही एम्बुलेंस भूस्खलन प्रभावित स्थल पर फंस गई। सड़क पूरी तरह बंद होने के कारण एनएचएआई और पुलिस प्रशासन की टीम ने अपनी जान की परवाह किए बिना मरीज को सुरक्षित अपने वाहन से दूसरी ओर पहले से तैनात एम्बुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद मरीज को तत्काल उपचार के लिए चंबा रवाना किया गया। इस पूरे अभियान में एनएचएआई और पुलिस के बीच उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला।भरमौर प्रशासन ने एनएचएआई, पुलिस प्रशासन, अधिकारियों, साइट इंजीनियरों, मशीन ऑपरेटरों तथा सड़क बहाली कार्य में जुटे सभी कर्मचारियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना की सराहना की है।प्रशासन ने आम नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें। यात्रा पर निकलने से पहले मौसम विभाग की चेतावनियों की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने कहा कि नागरिकों की सतर्कता और सहयोग ही इस कठिन समय में सभी की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है।


