भोरंज, 29 जुलाई 2026।भोरंज विधानसभा क्षेत्र के बस्सी चौक में बुधवार को विधायक सुरेश कुमार ने लगभग 3.65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले व्यावसायिक केंद्र के प्रथम ब्लॉक एवं पार्किंग का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है और आने वाले समय में क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।विधायक ने बताया कि व्यावसायिक केंद्र के पहले ब्लॉक के निर्माण पर करीब 95.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। दो मंजिला इस आधुनिक व्यावसायिक परिसर में लगभग 115 दुकानें बनाई जाएंगी, जिससे स्थानीय व्यापारियों और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद भोरंज का योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। रिंग रोड, खेल मैदान, रेन शेल्टर, सार्वजनिक शौचालय, बस्सी चौक से भरेड़ी चौक और तरक्वाड़ी चौक तक सोलर लाइटें लगाने सहित कई विकास कार्यों पर तेजी से काम हो रहा है। युवाओं के लिए लाइब्रेरी और कोचिंग सुविधा के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं तथा भविष्य में इन सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा।सुरेश कुमार ने बताया कि भोरंज में बीडीओ कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं तथा न्यायिक परिसर का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होगा। बस्सी अस्पताल का कायाकल्प किया गया है, जहां अब 12 डॉक्टर तैनात हैं। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा 24.50 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण भी किया जाएगा।उन्होंने कहा कि क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए ब्यास नदी से 45 करोड़ रुपये की पेयजल योजना पर युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। वहीं बलोखर से मुंडखर क्षेत्र के लिए गोविंदसागर झील से 93 करोड़ रुपये की पेयजल योजना स्वीकृत की गई है। जाहू में औद्योगिक क्षेत्र और बड़े खेल मैदान का विकास किया जा रहा है। साथ ही क्षेत्र की सभी शेष बस्तियों को एंबुलेंस रोड से जोड़ने का कार्य भी जारी है। पट्टा-अवाह देवी, बढार-कैहरवीं, भरेड़ी-कांगू और टिक्कर-मनोह सहित प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण के लिए भी बजट का प्रावधान किया गया है।इस अवसर पर कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया तथा स्थानीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुभाष ठाकुर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इससे पहले एसडीएम शशिपाल शर्मा ने विधायक का स्वागत करते हुए व्यावसायिक केंद्र परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। स्थानीय व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी विधायक का अभिनंदन किया।कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, बीडीसी अध्यक्ष पूनम कुमारी, एएसपी लालमन शर्मा, तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, नगर पंचायत सचिव पंकज कुमार, जेई संजय पठानिया, विजय डोगरा, दीप चंद, पवन कौशल, कर्म चंद, कांग्रेस पदाधिकारी, व्यापार मंडल के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


