डूग्घा क्षेत्र का दौरा कर सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
हमीरपुर, 29 जुलाई 2026।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने बुधवार को हमीरपुर के निकटवर्ती डूग्घा क्षेत्र के गांव बसंदेहड़ा (लाहड़) का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, हैंडपंप सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी मांगें उनके समक्ष रखीं।
सुनील शर्मा बिट्टू ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि बरसात का मौसम समाप्त होते ही गांव की सड़क को पक्का करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव के हैंडपंप के पानी की गुणवत्ता की जांच करवाई जाएगी तथा रिपोर्ट संतोषजनक आने पर हैंडपंप को विद्युत मोटर से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे ग्रामीणों को पेयजल की बेहतर सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी उद्देश्य से वे लगातार हमीरपुर के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याओं को समझ रहे हैं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर रहे हैं।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में पिछले साढ़े तीन वर्षों में हमीरपुर जिले के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जिनसे जिले का समग्र विकास तेजी से हो रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी और उनका लाभ उठाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर ग्रामीणों मोनू, दीना नाथ, अमर सिंह, पवन वर्मा, विजय कुमार, पिंकी देवी, बबीता देवी सहित अन्य लोगों ने सुनील शर्मा बिट्टू का स्वागत किया और अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
कार्यक्रम में कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष होशियार सिंह, एडवोकेट केसी भाटिया, नीरज ठाकुर, सेवानिवृत्त एसडीओ जीसी भाटिया, पूर्व पंचायत प्रधान उत्तम चौधरी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय शर्मा, राजेश आनंद तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

