आपकी आवाज़ न्यूज़ , हमीरपुर , मुस्कान ठाकुर, 05 अगस्त 2026
हमीरपुर पुलिस की पीओ सेल टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीओ सेल टीम ने कमल कुमार (34) पुत्र बलविंदर सिंह, निवासी हरिताल यंगर, डाकघर डंगर, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध एफआईआर संख्या 139/2013 थाना भोरंज में भारतीय न्याय संहिता लागू होने से पूर्व की भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 457 एवं 380 के तहत मामला दर्ज है।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक मजिस्ट्रेट, भोरंज की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार हमीरपुर भेज दिया गया।पीओ सेल हमीरपुर के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश के विभिन्न थानों में कुल 32 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी गहन जांच कर रही है।लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी को पीओ सेल हमीरपुर की बड़ी और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।
