
बैजनाथ, 19 अगस्त। पंडित संत राम राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ में हिमऊर्जा के सौजन्य से 18 लाख 11 हजार रुपये की लागत से स्थापित 44 किलोवाट क्षमता के सोलर रूफटॉप संयंत्र का विधायक बैजनाथ किशोरी लाल ने लोकार्पण किया। संयंत्र में कुल 77 सोलर पैनल लगाए गए हैं।इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल ने कहा कि सौर ऊर्जा जैसे स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। सौर ऊर्जा के उपयोग से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होने के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आती है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। महाविद्यालय में स्थापित यह सोलर रूफटॉप संयंत्र इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे महाविद्यालय के बिजली खर्च में प्रतिवर्ष करीब 3 लाख 50 हजार रुपये की बचत होने की संभावना है। बची हुई राशि का उपयोग विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में किया जा सकेगा।विधायक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार सौर ऊर्जा के अधिकाधिक उपयोग, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने, ऊर्जा बचत, पौधरोपण और प्लास्टिक के कम इस्तेमाल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दे रही है।उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में इस तरह की हरित पहल से विद्यार्थियों को स्वच्छ ऊर्जा के महत्व को समझने का अवसर मिलेगा और उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होगी। उन्होंने संयंत्र की स्थापना के लिए महाविद्यालय प्रशासन को बधाई देते हुए विद्युत विभाग एवं हिमऊर्जा विभाग का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य उपेन्द्र शर्मा, खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया, हिमऊर्जा के परियोजना अधिकारी अरुण कुमार, प्रदेश महासचिव रविंदर राव, खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी चितवन सिंह, अधीक्षक खंड प्राथमिक शिक्षा विनय मेहता, प्रो. मनीष रंधावा, कुलदीप सोनी, नागेंद्र कटोच, राजेंद्र ठाकुर, रणजीत राणा, चमन भट्ट, राजन शर्मा, शिवानी सूद सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
