मुख्यमंत्री जल्द करेंगे नागरिक अस्पताल शाहपुर के नए भवन का लोकार्पण : केवल सिंह पठानिया
पौने चार वर्षों में अस्पताल पर खर्च किए करीब 16 करोड़ रुपये, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का हुआ विस्तार
आपकी आवाज़ न्यूज़ | शाहपुर (कांगड़ा) | 06 नवंबर 2026धनतेरस के शुभ अवसर पर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात मिली। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार को नागरिक अस्पताल शाहपुर में नई एंबुलेंस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जल्द ही नागरिक अस्पताल शाहपुर के नए भवन का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित करेंगे।केवल सिंह पठानिया ने कहा कि पौने चार वर्षों के कार्यकाल में नागरिक अस्पताल शाहपुर पर लगभग 16 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस राशि से अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने के साथ-साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए गए हैं।उन्होंने कहा कि उनकी भगवान से यही प्रार्थना है कि कोई भी व्यक्ति बीमार न हो, लेकिन बीमारी या दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में नई एंबुलेंस सेवा लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया।तीन विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाविधायक ने बताया कि नागरिक अस्पताल शाहपुर न केवल शाहपुर विधानसभा क्षेत्र, बल्कि ज्वाली और भटियात विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को भी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। वर्तमान में अस्पताल में 17 चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं तथा जल्द ही चिकित्सकों के दो रिक्त पद भी भरे जा रहे हैं।1.50 करोड़ से आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटरउन्होंने कहा कि मरीजों को छोटे-बड़े ऑपरेशन के लिए टांडा अस्पताल न जाना पड़े, इसके उद्देश्य से 1.50 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर स्थापित किया गया है, जहां अब ऑपरेशन भी किए जा रहे हैं।इसके अतिरिक्त अस्पताल में 7.50 लाख रुपये की लागत से नई हाई मास्ट लाइट, 25 लाख रुपये की लागत से नई अल्ट्रासाउंड मशीन और 50 लाख रुपये खर्च कर ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है। इससे बीमारियों की समय रहते जांच और रोकथाम में मदद मिलेगी।मरीजों और तीमारदारों की सुविधाओं का भी रखा ध्यानकेवल सिंह पठानिया ने बताया कि अस्पताल परिसर में वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए 15 लाख रुपये की लागत से सस्ती दवाइयों की दुकान स्थापित की गई है। इसके अलावा नई डेंटल चेयर लगाई गई है और मरीजों की सुविधा के लिए नए बेंच उपलब्ध करवाए गए हैं।मरीजों और उनके तीमारदारों के बैठने के लिए नए शेड का निर्माण करवाने के साथ उसमें टाइलें भी लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। नागरिक अस्पताल शाहपुर इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।ये रहे मौजूदइस अवसर पर एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम कटोच, पूर्व सीएमओ डॉ. सुशील शर्मा, नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष राजीव पटियाल, पार्षद विजय गुलेरिया, अभिषेक माथुर, पूर्व पार्षद शुभम, छिन्दा, अस्पताल के चिकित्सक एवं स्टाफ सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
