24 वर्षों से लगातार दंगल में आमंत्रित किए जाने पर उपमुख्यमंत्री ने जताया आभार, विकास कार्यों के लिए की कई घोषणाएं
ऊना, 13 नवंबर। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वीरवार देर शाम हरोली विधानसभा क्षेत्र के जखेवाल (बीटन) में आयोजित पारंपरिक पावन दंगल में शिरकत की। इस दौरान दंगल कमेटी एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री ने पहलवानों के रोमांचक मुकाबले देखे और संत बाबा अनूप महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।अपने संबोधन में मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि संत बाबा ढांगू वाले महाराज के इस पावन दंगल से उनका पिछले 24 वर्षों से विशेष जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि महाराज ने लगातार 24 वर्षों तक उन्हें इस आयोजन में आमंत्रित किया। यहां की धरती और बाबा जी से मिले स्नेह को वह कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने विधायक के रूप में 25 वर्षों तक सेवा का अवसर देने के लिए क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया।उन्होंने दंगल को उत्तर भारत का सर्वश्रेष्ठ और हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा दंगल बताते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने खेल मैदान के विकास के लिए 30 लाख रुपये का चेक सौंपा। साथ ही पावन दंगल के आयोजन के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। पंचायत घर के निर्माण के लिए 1 करोड़ 14 लाख रुपये देने का ऐलान भी किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की गलियों और सड़कों के विकास के लिए मांगी गई 25 लाख रुपये की राशि कार्यक्रम से पहले ही जारी कर दी गई है।मुकेश अग्निहोत्री ने संत बाबा ढांगू वाले महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मानव कल्याण और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि महाराज ने अस्पताल और गौशाला के माध्यम से सेवा कार्य किए तथा शिक्षा के महत्व को समझते हुए बीटन में कॉलेज स्थापित किया।कॉलेज में नए पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग पर उन्होंने कहा कि संत बाबा अनूप महाराज और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श कर पाठ्यक्रम तय किए जाएंगे। अगले अप्रैल से नए पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि महाराज द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में लगाया गया पौधा आगे भी फलता-फूलता रहेगा।उपमुख्यमंत्री ने बताया कि हरोली क्षेत्र में वर्तमान में तीन कॉलेज, 33 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एक केंद्रीय विद्यालय, ट्रिपल आईटी, लॉ कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज सहित कई शिक्षण संस्थान संचालित हैं। बीटन कॉलेज को भी व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।उन्होंने पंचायत प्रधान सेवानाथ द्वारा रखी गई मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया तथा आयोजन में मिले स्नेह और सम्मान के लिए दंगल कमेटी, पंचायत प्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया

