
आपकी आवाज़ न्यूज़ | मंडी / धर्मपुर05 अगस्त 2026समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस), धर्मपुर के अंतर्गत वृत चोलथरा में बुधवार को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से एक दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) धर्मपुर धनी राम ने की।प्रशिक्षण में वृत चोलथरा की सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें योजना के नवीनतम दिशा-निर्देश, पात्र लाभार्थियों की पहचान, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, एनपीसीआई मैपिंग, आवेदन की समयबद्ध स्वीकृति तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।सीडीपीओ धनी राम ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रत्येक पात्र गर्भवती एवं धात्री महिला की समय पर पहचान कर उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रति जागरूक करें तथा सभी आवश्यक औपचारिकताएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करवाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।

