पूछताछ में हो सकते हैं बड़े खुलासे, अन्य संदिग्धों की भूमिका भी जांच के घेरे में
चुराह: उपमंडल चुराह के खुशनगरी (जुकयानी) क्षेत्र में सामने आए नेगी राम हत्याकांड में पुलिस ने पहली गिरफ्तारी की है। तीसा पुलिस ने मामले में कथित संलिप्तता पाए जाने पर गोविंद पुत्र उमेदा, निवासी गांव चुहाड़, डाकघर खुशनगरी को गिरफ्तार किया है। शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस ने शुक्रवार को मामले में पांच से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की थी। इसी दौरान गोविंद की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। अब रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर हत्या के कारणों, घटनाक्रम और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी।पुलिस जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। प्रारंभिक जांच और आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। ऐसे में मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना बनी हुई है।क्या है पूरा मामला?तीन दिन पहले ग्राम पंचायत खुशनगरी के जुकयानी क्षेत्र में नेगी राम का शव झाड़ियों में मिला था। शव के सिर और बाजू पर चोट के निशान पाए गए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए संदिग्धों से पूछताछ की।एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने बताया कि मामले में एक व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया है। अदालत ने आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। उन्होंने कहा कि जांच और पूछताछ के दौरान जो भी व्यक्ति मामले में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
