आनी के विधायक लोकेन्द्र कुमार ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन
आनी/निरमंड: आनी-निरमंड क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़े हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के बस रूटों को दोबारा बहाल करवाने की मांग को लेकर आनी के विधायक लोकेन्द्र कुमार ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता की परिवहन संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए ज्ञापन सौंपा।विधायक लोकेन्द्र कुमार ने कहा कि दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों में HRTC बस सेवा महज परिवहन का साधन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों, कर्मचारियों, बुजुर्गों और आम लोगों के लिए जीवनरेखा है। लंबे समय से बस रूट बंद होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने उपमुख्यमंत्री से बंद पड़े बस रूटों को जल्द से जल्द बहाल करने का आग्रह किया, ताकि आनी-निरमंड क्षेत्र के हजारों लोगों को सुचारू एवं बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।विधायक ने कहा कि जनता की सुविधा और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए सरकार के समक्ष क्षेत्र की समस्याओं को लगातार उठाया जाता रहेगा।
