
आपकी आवाज न्यूज़ हमीरपुर मुस्कान ठाकुर, 15 अगस्त 2026। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रंगड़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में तिरंगा फहराया गया तथा विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।समारोह की विशेष बात यह रही कि करीब 100 वर्ष की आयु की श्रीमती कौशल्या देवी ने विद्यालय परिसर में तिरंगा फहराया। इस उम्र में भी उनका देश के प्रति उत्साह और सम्मान सभी के लिए प्रेरणादायक रहा।वहीं सेना के नायक सूबेदार राज कुमार नायक ने भी तिरंगा फहराया और विद्यार्थियों को देश के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी तथा राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश परमार ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आजादी के महत्व, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस का उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।इस अवसर पर डीडी हिमाचल पर प्रसारित मुख्यमंत्री के संदेश की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई तथा सरकारी विद्यालयों में आयोजित लाइव स्क्रीनिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री का संदेश देखा गया।समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, एकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।

