
आपकी आवाज न्यूज़ हमीरपुर, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पहचान स्पेशल स्कूल के विशेष बच्चों ने झनियारी बाजार में अनूठी देशभक्ति पहल करते हुए हर दुकान पर तिरंगा पहुंचाया। इस पहल से पूरा बाजार देशभक्ति के रंग में रंग गयाकार्यक्रम की शुरुआत पहचान स्पेशल स्कूल में तिरंगा फहराने के साथ हुई। इसके बाद विशेष बच्चों ने “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा” के नारे लगाते हुए झनियारी बाजार का रुख किया। बच्चों ने बाजार की प्रत्येक दुकान पर जाकर दुकानदारों और स्थानीय लोगों को तिरंगा भेंट किया तथा अपने प्रतिष्ठानों और घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आग्रह किया।बच्चों ने लोगों को “हर घर तिरंगा” अभियान का संदेश देते हुए स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों और दुकानों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। विशेष बच्चों की इस पहल को दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वीकार किया और उनका मनोबल बढ़ाया।इस दौरान बच्चों ने झनियारी बाजार में सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” गीत प्रस्तुत किया। बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुति में बाजार के लोग भी उत्साह के साथ शामिल हुए। देखते ही देखते पूरा बाजार देशभक्ति के नारों और तिरंगे के रंग में रंग गया।पहचान स्पेशल स्कूल की इस पहल का उद्देश्य विशेष बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ-साथ उनमें देशप्रेम, आत्मविश्वास, सामाजिक सहभागिता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। स्कूल की ओर से संदेश दिया गया कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और एकता की भावना को मजबूत करने का दिन भी है।विशेष बच्चों की इस सराहनीय पहल की स्थानीय लोगों ने जमकर प्रशंसा की। बच्चों के साथ मिलकर लोगों ने “वंदे मातरम्” का जयघोष किया, जिससे झनियारी बाजार का वातावरण पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर हो गया।




