
हमीरपुर, 31 जुलाई।प्रसिद्ध शक्तिपीठ कालीनाथ कालेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार को मणिमहेश कैलाश संगम संस्था, हमीरपुर द्वारा पवित्र ‘बेड़ा तारने’ की रस्म श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न की गई। इस धार्मिक आयोजन में संस्था के पदाधिकारियों, विभिन्न शाखाओं के शाखा अध्यक्षों तथा बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भाग लेकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ बेड़ा पूजन किया गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने सुसज्जित बेड़े को कंधों पर उठाकर भव्य धार्मिक शोभायात्रा निकाली। पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “जय मणिमहेश” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘बेड़ा तारने’ की रस्म मणिमहेश यात्रा का एक महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान है, जिसे यात्रा की सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय शुरुआत के लिए श्रद्धापूर्वक सम्पन्न किया जाता है। इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।कार्यक्रम के अंत में संस्था ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, दानदाताओं, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी मणिमहेश यात्रा एवं सेवा कार्यों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।


