सोलन/अर्की: सोलन जिले के अर्की उपमंडल के गांव कुईरू में हुए एक मामूली विवाद ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची महिला की कथित तौर पर धक्का लगने से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुईरू गांव निवासी अनु पुत्र विजय सिंह ने कथित रूप से शुभम का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों के बीच विवाद बढ़ता देख शुभम की मां मीना ठाकुर मौके पर पहुंचीं और झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया।आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने मीना ठाकुर को जोरदार धक्का दे दिया, जिससे वह करीब 10 फीट नीचे डंगे पर जा गिरीं। गंभीर चोट लगने पर उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल अर्की ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
