मंडी में आयोजित जनसुनवाई में 52 मामलों पर हुई सुनवाई, 16 मामलों का मौके पर ही हुआ समाधान
मंडी, 28 जुलाई।राज्य महिला आयोग द्वारा मंगलवार को मंडी स्थित उपायुक्त न्यायालय परिसर में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई की अध्यक्षता आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने की। इस दौरान महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों की सुनवाई कर शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।जनसुनवाई में आयोग की सदस्य रीना पुंडीर, सरोज शर्मा एवं रीना द्रोच उपस्थित रहीं। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी अभिमन्यु वर्मा, सदस्य सचिव बुशरा अंसारी तथा विधि अधिकारी यशपाल शर्मा भी मौजूद रहे।आयोग के समक्ष कुल 52 मामले प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 37 मामलों का निस्तारण किया गया। इनमें 16 मामलों का मौके पर ही समाधान कर उन्हें बंद कर दिया गया, जबकि 14 मामलों में अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई।जनसुनवाई की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि 7 परिवारों का पुनर्मिलन रही। आयोग की पहल पर लगभग ढाई वर्षों से अलग रह रहे सात पति-पत्नियों के बीच आपसी सहमति से समझौता करवाया गया, जिसके बाद उन्हें पुनः साथ रहने के लिए उनके घर भेजा गया।आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से राज्य महिला आयोग समय-समय पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में जनसुनवाई आयोजित करता है। आयोग का लक्ष्य महिलाओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सुलभ एवं न्यायसंगत मंच उपलब्ध कराना तथा मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करना है।

