सुजानपुर, 3 अगस्त (राजन मेहता)।सुजानपुर के व्यास पुल के समीप सोमवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब सेल्फी लेते समय 17 वर्षीय युवती का पैर फिसल गया और वह व्यास नदी की ओर गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि युवती नदी में गिरने के बजाय झाड़ियों में फंस गई, जिससे उसकी जान बच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती सुजानपुर–पालमपुर मुख्य सड़क पर स्थित प्राचीन प्राकृतिक जल स्रोत (गुफा) के ऊपर सेल्फी ले रही थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में गिर गई। घटना को देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मौके पर एकत्र किया।इसी दौरान पेट्रोलिंग कर लौट रही सुजानपुर पुलिस की टीम के जवान विवेक शर्मा और कुलभूषण व्यास पुल के पास पहुंचे। भीड़ देखकर उन्होंने वाहन रोककर स्थिति का जायजा लिया। युवती को झाड़ियों में फंसा देख दोनों पुलिसकर्मी अपनी जान की परवाह किए बिना खाई में उतर गए। बचाव के दौरान उनकी वर्दी भी फट गई, लेकिन उन्होंने साहस का परिचय देते हुए युवती तक पहुंच बनाई।मामले की सूचना मिलते ही सुजानपुर थाना पुलिस, गृह रक्षा विभाग और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकालकर सिविल अस्पताल सुजानपुर पहुंचाया गया।थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि घायल युवती जिला कांगड़ा के लंबा गांव की रहने वाली है। युवती ने अपने बयान में बताया कि वह प्राकृतिक जल स्रोत के पास सेल्फी ले रही थी, तभी उसका पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गई। सौभाग्य से वह व्यास नदी में नहीं गिरी और झाड़ियों में फंस जाने से उसकी जान बच गई।प्राथमिक उपचार के बाद युवती को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने उसके परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई और साहस के चलते एक बड़ा हादसा टल गया, जिसकी स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।
