केलांग, 22 जुलाई।हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच मनाली-लेह सामरिक मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। किलिंग सराय से भरतपुर की ओर जा रहा ट्रक (एचपी-65ए-3396) सड़क पर फिसलकर अनियंत्रित हो गया और गहरे नाले में जा गिरा। हादसे में ट्रक में सवार पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), आईटीबीपी, टीटीआर टीम और स्थानीय ट्रक चालक तुरंत मौके पर पहुंचे। सभी एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को नाले से बाहर निकाला।जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार मृतकों की पहचान मंडी जिले के गांव ऊबा, डाकघर डचोरी निवासी लियाकत अली पुत्र शुकरदीन तथा उनके पुत्र दुरशाद के रूप में हुई है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग भेज दिए गए हैं।एसपी केलांग शिवानी मेहला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक के फिसलकर अनियंत्रित होने के कारण नाले में गिरने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों की सड़कों पर फिसलन और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से खराब मौसम में अत्यधिक सावधानी बरतने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने की अपील की है।
