लाहडू और कलसुंई में बनेंगे पंजीकरण निरीक्षण केंद्र, 50 रुपये शुल्क के साथ QR कोड आधारित व्यवस्था लागू
चम्बा, 23 जुलाई। श्री मणिमहेश यात्रा-2026 पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए इस वर्ष पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपस्वाल ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण किसी भी श्रद्धालु को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।बुधवार को आयोजित यात्रा तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने बताया कि 1 अगस्त 2026 से आधिकारिक वेबसाइट www.manimaheshyatra.hp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण एवं स्लॉट बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। प्रत्येक श्रद्धालु को पंजीकरण के लिए 50 रुपये शुल्क देना होगा।उन्होंने बताया कि पंजीकरण के बाद जारी होने वाली पर्ची पर QR कोड अंकित होगा, जिसमें श्रद्धालु का पूरा विवरण सुरक्षित रहेगा। इससे यात्रा मार्ग पर सत्यापन प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी होगी। पंजीकरण पर्ची पर आपातकालीन सहायता नंबर, यात्रा संबंधी दिशा-निर्देश तथा आवश्यक सावधानियां भी उपलब्ध रहेंगी।उपायुक्त ने बताया कि यात्रा मार्ग पर लाहडू और कलसुंई में पंजीकरण निरीक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर प्रत्येक श्रद्धालु के पंजीकरण का सत्यापन अनिवार्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने सहित किसी भी प्रकार की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।उन्होंने पुलिस विभाग को निरीक्षण केंद्रों पर यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर को सोशल मीडिया तथा अन्य माध्यमों से पंजीकरण प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।बैठक में पिछले वर्ष के अनुभवों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी एसडीएम को यात्रा से संबंधित तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से यात्रा तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की, जबकि नेट जैन कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक गौरव गुप्ता ने आधिकारिक वेबसाइट एवं ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली का प्रदर्शन किया।बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक बलदेव दत्त सहित सभी उपमंडलों के एसडीएम वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
