Oplus_131072
मंदिर परिसर में मिला कीमती लॉकेट, सही पहचान होने पर महिला को सुरक्षित लौटाया क्षेत्रभर में हो रही सराहना
भरमौर के ऐतिहासिक चौरासी मंदिर परिसर में एक स्थानीय दुकानदार ने ईमानदारी और इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए करीब एक लाख रुपये मूल्य का सोने का लॉकेट उसकी असली मालकिन को सुरक्षित लौटाकर सभी का दिल जीत लिया।
जानकारी के अनुसार, हड़सर गांव निवासी बटो देवी, पत्नी श्री छज्जू राम, बुधवार को चौरासी मंदिर में दर्शन के लिए आई थीं। इसी दौरान मंदिर के मुख्य द्वार के पास उनका सोने का लॉकेट कहीं गिरकर गुम हो गया।
मंदिर परिसर के समीप सब्जी की दुकान लगाने वाले नेक सिंह (प्रमोद) को यह कीमती लॉकेट मिला। उन्होंने बिना किसी लालच के उसे सुरक्षित अपने पास रखा और उसके वास्तविक मालिक की तलाश शुरू कर दी।
गुरुवार को जब लॉकेट की सही पहचान सुनिश्चित हुई, तो नेक सिंह ने उसे बटो देवी को सकुशल वापस सौंप दिया। अपना खोया हुआ कीमती आभूषण वापस मिलने पर बटो देवी और उनके परिवार ने नेक सिंह का हृदय से आभार व्यक्त किया और उनकी ईमानदारी की खुलकर सराहना की।
करीब एक लाख रुपये मूल्य का यह सोने का लॉकेट लौटाने की घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने नेक सिंह के इस सराहनीय कार्य को इंसानियत, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है। लोगों का कहना है कि ऐसे ईमानदार नागरिक समाज के लिए प्रेरणा हैं और उनके इस कार्य से मानवता पर विश्वास और मजबूत होता है।.

