हादसे में दिवंगत पवन कुमार के तीनों बच्चों की शिक्षा का जिम्मा उठाया, परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा
शाहपुर, 3 अगस्त।शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए हाल ही में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रेहलू निवासी स्वर्गीय पवन कुमार के परिवार की मदद के लिए बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने दिवंगत की बड़ी बेटी को बीसीए में प्रवेश के लिए 50 हजार रुपये का चेक भेंट किया और परिवार के तीनों बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने की घोषणा की।जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले विधायक केवल सिंह पठानिया शोक संतप्त परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें बताया गया कि स्वर्गीय पवन कुमार परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जो मिस्त्री का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके निधन के बाद परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है।परिवार की बड़ी बेटी का बीसीए में प्रवेश होना था। स्वर्गीय पवन कुमार प्रवेश के लिए 20 हजार रुपये की व्यवस्था कर चुके थे और शेष राशि लेकर लौटने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन दुर्भाग्यवश हादसे में उनकी मृत्यु हो गई।अपने वादे को निभाते हुए विधायक केवल सिंह पठानिया ने रविवार को तीनों बच्चों को अपने कार्यालय बुलाया और बड़ी बेटी को 50 हजार रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने घोषणा की कि छात्रा की आगे की पढ़ाई का पूरा खर्च भी वे स्वयं वहन करेंगे। इसके साथ ही छठी कक्षा में पढ़ रहे बेटे और दूसरी बेटी की शिक्षा का जिम्मा भी उठाने का ऐलान किया।इस दौरान विधायक ने संबंधित शिक्षण संस्थान के प्रबंध निदेशक (एमडी) से दूरभाष पर बातचीत कर छात्रा की फीस में अधिकतम रियायत देने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बनने दी जाएगी।वहीं, शाहपुर कांग्रेस एसटी सेल ने भी विधायक के नेतृत्व में दोनों छोटे बच्चों की शिक्षा में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।विधायक ने एसडीएम शाहपुर को निर्देश दिए कि फोरलेन परियोजना के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर पीड़ित परिवार को नियमानुसार मिलने वाली सभी सहायता शीघ्र उपलब्ध करवाई जाए।इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि “शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का हर परिवार मेरा अपना परिवार है। मैं केवल विधायक नहीं, बल्कि जनता का सेवक हूं। किसी भी परिवार पर संकट आएगा तो उसकी हरसंभव सहायता करना मेरा कर्तव्य है।”
