आलमपुर (कांगड़ा), 26 सितंबर। डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल आलमपुर, जिला कांगड़ा में आयोजित तीन दिवसीय डी.ए.वी. क्लस्टर स्तरीय राज्य खेल प्रतियोगिताओं का शनिवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के आठ क्लस्टरों के 69 विद्यालयों से 600 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में महात्मा हंसराज अवार्डी श्री कुलदीप सिंह गुलेरिया, स्टेट कोऑर्डिनेटर–डी.ए.वी. स्पोर्ट्स, ए.आर.ओ. एच.पी. जोन-सी एवं प्रधानाचार्य डी.ए.वी. सी.पी.एस. मंडी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ, हिमाचली टोपी, शॉल एवं हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर डी.ए.वी. अंबोटा के प्रधानाचार्य एवं ए.आर.ओ. एच.पी. जोन-एफ श्री नमित शर्मा, डी.ए.वी. धर्मशाला के प्रधानाचार्य श्री विपिन जिशतु, डी.ए.वी. गुब्बर के प्रधानाचार्य श्री राकेश कुमार तथा लंबागांव के प्रधानाचार्य श्री भुवेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
बास्केटबॉल में इन क्लस्टरों ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न आयु वर्गों में बालक एवं बालिका वर्ग की बास्केटबॉल स्पर्धाएं आयोजित की गईं।बालिका वर्ग के अंडर-14 में क्लस्टर-1 ने प्रथम और क्लस्टर-7 ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 में क्लस्टर-7 विजेता तथा क्लस्टर-1 उपविजेता रहा। अंडर-19 में क्लस्टर-7 ने प्रथम और क्लस्टर-8 ने द्वितीय स्थान हासिल किया।बालक वर्ग के अंडर-14 में क्लस्टर-4 विजेता और क्लस्टर-8 उपविजेता रहा। अंडर-17 में भी क्लस्टर-4 ने प्रथम तथा क्लस्टर-8 ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 में क्लस्टर-8 विजेता तथा क्लस्टर-1 उपविजेता बना।
ट्रेडिशनल योग में क्लस्टर-5 का शानदार प्रदर्शन
ट्रेडिशनल योग प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग में क्लस्टर-5 ने प्रथम, क्लस्टर-2 ने द्वितीय तथा क्लस्टर-4 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ग में क्लस्टर-5 की दिव्या को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।अंडर-14 बालक वर्ग में क्लस्टर-1 प्रथम, क्लस्टर-4 द्वितीय तथा क्लस्टर-5 तृतीय स्थान पर रहा।अंडर-17 बालिका वर्ग में क्लस्टर-5 विजेता, क्लस्टर-4 प्रथम उपविजेता तथा क्लस्टर-1 द्वितीय उपविजेता रहा। वहीं, बालक वर्ग में क्लस्टर-4 ने प्रथम, क्लस्टर-5 ने द्वितीय तथा क्लस्टर-2 ने तृतीय स्थान हासिल किया।अंडर-19 बालिका वर्ग में क्लस्टर-5 प्रथम, क्लस्टर-4 द्वितीय तथा क्लस्टर-3 तृतीय स्थान पर रहा। अंडर-19 बालक वर्ग में क्लस्टर-8 विजेता, क्लस्टर-5 प्रथम उपविजेता तथा क्लस्टर-4 द्वितीय उपविजेता बना।
कलात्मक योग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
राज्य स्तरीय व्यक्तिगत कलात्मक योग प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।अंडर-14 बालिका वर्ग में क्लस्टर-3 ने प्रथम, क्लस्टर-2 ने द्वितीय तथा क्लस्टर-8 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में क्लस्टर-1 प्रथम, क्लस्टर-5 द्वितीय तथा क्लस्टर-2 तृतीय स्थान पर रहा।अंडर-17 बालिका वर्ग में क्लस्टर-2 प्रथम, क्लस्टर-8 द्वितीय तथा क्लस्टर-5 तृतीय स्थान पर रहा। बालक वर्ग में क्लस्टर-5 ने प्रथम, क्लस्टर-1 ने द्वितीय तथा क्लस्टर-4 ने तृतीय स्थान हासिल किया।अंडर-19 बालिका वर्ग में क्लस्टर-3 विजेता, क्लस्टर-2 प्रथम उपविजेता तथा क्लस्टर-5 द्वितीय उपविजेता रहा। बालक वर्ग में क्लस्टर-5 ने प्रथम, क्लस्टर-3 ने द्वितीय तथा क्लस्टर-4 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
खेल अनुशासन और सहभागिता जीवन में महत्वपूर्ण : सुरजीत कुमार राणा
समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं और खेल भावना को प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करती हैं। हार-जीत जीवन का हिस्सा है, लेकिन अनुशासन, सहभागिता और निरंतर प्रयास सबसे महत्वपूर्ण हैं।उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग हैं और स्वस्थ नागरिक ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने विभिन्न विद्यालयों से आए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की तथा अपने-अपने विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए बधाई दी।तीन दिवसीय इस आयोजन का समापन खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आपसी सहयोग एवं प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान किया।



