रातभर बस स्टेशन पर खड़ी थी बस, सुबह स्टार्ट करने के बाद चालक के उतरते ही सड़क से बाहर खिसकी; बस में कोई यात्री नहीं था
दुनाली (चंबा)। चंबा-बटोट मार्ग पर दुनाली बस स्टेशन के समीप रविवार सुबह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब ठाकुर बस सर्विस की एक निजी बस अपने आप खिसककर सड़क के किनारे पहुंच गई और उसका अगला हिस्सा हवा में लटक गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, यह बस प्रतिदिन शाम को चंबा से बतोट के लिए रवाना होती है और रात को दुनाली में रुकती है। अगले दिन सुबह बस बतोट पहुंचकर वहां से सवारियां लेकर वापस चंबा लौटती है। शनिवार रात भी बस दुनाली बस स्टेशन पर ही खड़ी थी।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह चालक ने बस को स्टार्ट किया और किसी कार्य से नीचे उतर गया। इसी दौरान बस का एयर प्रेशर बनने के बाद वह अचानक अपने आप खिसकने लगी। देखते ही देखते बस सड़क के किनारे पहुंच गई और उसका अगला हिस्सा हवा में लटक गया। घटना से वहां मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सौभाग्य से उस समय बस में चालक-परिचालक के अलावा कोई यात्री मौजूद नहीं था। यदि बस में सवारियां होतीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद बस को सुरक्षित स्थान पर लाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इसे ईश्वर की कृपा बताते हुए राहत जताई कि समय रहते बड़ा हादसा टल गया।

