कांगड़ा, 14 सितंबर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) दौलतपुर में 14 एवं 15 सितंबर, 2026 को अशोक लीलैंड (हिंदुजा ग्रुप) यूएई एलएलसी द्वारा आयोजित दो दिवसीय इंटरव्यू का आज शुभारंभ हुआ। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने इंटरव्यू के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।अशोक लीलैंड यूएई एलएलसी द्वारा आयोजित इस इंटरव्यू में विभिन्न राज्यों से पात्र युवा रोजगार के अवसर के लिए पहुंचे। कंपनी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। रोजगार के इस अवसर को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पहले दिन करीब 1,000 युवाओं ने पंजीकरण करवाया, जबकि 800 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू पूर्ण हो चुके हैं। इंटरव्यू प्रक्रिया 15 सितंबर, 2026 को भी जारी रहेगी।मुख्य अतिथि आर.एस. बाली ने इंटरव्यू में भाग लेने पहुंचे हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के युवाओं से संवाद किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं को पूरी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना और उन्हें उनके कौशल एवं योग्यता के अनुरूप रोजगार से जोड़ना उनकी निरंतर प्राथमिकता रही है।आर.एस. बाली युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। इसके साथ ही विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली बाल मेले के दौरान भी हर वर्ष रोजगार मेले का आयोजन किया जाता है, ताकि प्रदेश के युवाओं को एक ही मंच पर विभिन्न कंपनियों से जुड़ने और अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने के अवसर मिल सकें।उन्होंने कहा कि आज राजकीय आईटीआई दौलतपुर में अशोक लीलैंड जैसी प्रतिष्ठित कंपनी का युवाओं के चयन के लिए पहुंचना भी इसी निरंतर प्रयास और संकल्प का हिस्सा है। उनके मार्गदर्शन और प्रयासों से युवाओं को सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए लगातार रोजगार मेलों एवं इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक विकल्प उपलब्ध करवाना और उन्हें उनके कौशल के अनुरूप रोजगार से जोड़ना है।उन्होंने कहा कि रोजगार केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि युवा और उनके परिवार के भविष्य को मजबूत करने का माध्यम है। इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि हिमाचल के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर भटकना न पड़े, बल्कि उन्हें अपने ही प्रदेश में और देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में बेहतर अवसरों से जोड़ा जा सके।आर.एस. बाली ने कहा कि आज आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त युवा केवल देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राजकीय आईटीआई दौलतपुर जैसे संस्थान युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।इस अवसर पर आर.एस. बाली ने विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली जी को भी श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली ने राजकीय आईटीआई दौलतपुर के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया था। आज यह संस्थान हजारों युवाओं को तकनीकी शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान कर उनके भविष्य को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली जी की सोच हमेशा युवाओं को शिक्षा, कौशल, विकास और रोज़गार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की रही, और आज राजकीय आईटीआई दौलतपुर उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए युवाओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि आर.एस. बाली एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने युवाओं से संवाद किया और उन्हें उपलब्ध रोजगार अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाएं और उपलब्ध अवसरों का पूरी मेहनत एवं आत्मविश्वास के साथ लाभ उठाएं।राजकीय आईटीआई दौलतपुर के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने बताया कि इंटरव्यू के पहले दिन करीब 1,000 युवाओं ने पंजीकरण करवाया, जिनमें से 800 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि इंटरव्यू प्रक्रिया 15 सितंबर, 2026 को भी जारी रहेगी। उन्होंने पात्र युवाओं से इस रोजगार अवसर का लाभ उठाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।

