आपकी आवाज न्यूज़ सुजानपुर : राजन मेहता , 22 जुलाई। सुजानपुर के भलेठ डाकघर के अंतर्गत आने वाली करोट शाखा डाकघर में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां करीब 20 गांवों की डाक समय पर वितरित न किए जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विभागीय जांच में ग्रामीण डाक सेवक के पास पिछले लगभग तीन महीनों से सैकड़ों डाक सामग्री पड़ी मिली, जिसके बाद उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।जानकारी के अनुसार, पश्चिम उपमंडल हमीरपुर के डाक निरीक्षक ने बीते वीरवार को वार्षिक निरीक्षण के दौरान डाक रिकॉर्ड की जांच की। रिकॉर्ड में कई डाक के सामने “होल्ड” लिखने के साथ संबंधित लोगों के दूरभाष नंबर दर्ज थे। इस पर संदेह होने पर निरीक्षक ने संबंधित लोगों से संपर्क किया तो अधिकांश लोगों ने बताया कि उन्हें अपनी डाक अब तक प्राप्त ही नहीं हुई है।इसके बाद अधिकारियों ने ग्रामीण डाक सेवक से जवाब मांगा, लेकिन वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। विभाग ने कार्यालय से दो कर्मचारियों को उसके निवास स्थान पर भेजकर जांच करवाई। जांच में उसके घर से पिछले लगभग तीन महीनों की करीब 200 स्पीड पोस्ट और 600 साधारण डाक बरामद हुई।बरामद स्पीड पोस्ट में पैन कार्ड, आधार कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज शामिल थे, जबकि साधारण डाक में शादी-विवाह के निमंत्रण पत्र, आधार कार्ड सहित अन्य पत्र मिले। विभाग ने बरामद डाक को कार्यालय में मंगवाकर कर्मचारियों के माध्यम से संबंधित लोगों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि, कई लोगों को अब भी अपनी डाक मिलने का इंतजार है।बताया जा रहा है कि संबंधित ग्रामीण डाक सेवक साहिल कुमार, हरियाणा का निवासी है और पिछले करीब डेढ़ वर्ष से करोट शाखा डाकघर में सेवाएं दे रहा था। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, उसके कार्य को लेकर पहले भी शिकायतें मिल चुकी थीं, जिसके चलते समय-समय पर कार्यालय का निरीक्षण किया जाता रहा।हमीरपुर के प्रवर अधीक्षक डाकघर के.एस. चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित ग्रामीण डाक सेवक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उसके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि लोगों तक लंबित डाक पहुंचाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि भविष्य में किसी भी व्यक्ति को डाक वितरण में परेशानी न हो।उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को डाक वितरण या डाकघर से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी प्रधान डाकघर या बड़े डाकघर में दें। साथ ही, डाक सेवा ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, ताकि समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

