ऊना, 15 सितंबर। नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देने के लिए ऊना में 16 सितंबर को एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में होने वाले इस कार्यक्रम की जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।मुख्यमंत्री वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे और युवाओं से संवाद करने के साथ स्वयं प्रतिभागियों के साथ चलकर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश देंगे। इस दौरान प्रतिभागियों को नशे के विरुद्ध जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई जाएगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायकगण और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे इंदिरा गांधी खेल मैदान ऊना से होगी। करीब दो घंटे के सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम के बाद वॉकाथॉन रवाना होगी। सुप्रसिद्ध पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ द पाइन्स’ भी प्रस्तुति देगा।वॉकाथॉन इंदिरा गांधी खेल मैदान से आईएसबीटी ऊना तक जाएगी और वहां से वापस खेल मैदान लौटेगी। इसमें 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों, आईटीआई एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों सहित आमजन की बड़ी भागीदारी रहेगी।उपायुक्त जतिन लाल ने जिलावासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जनजागरूकता को मजबूत करने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजामप्रतिभागियों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, जलपान, स्वास्थ्य सेवाएं, पार्किंग और सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।वॉकाथॉन के चलते 16 सितंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक ऊना शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। अंतर-जिला यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जबकि स्थानीय यातायात को आवश्यकता के अनुसार नियंत्रित और डायवर्ट किया जाएगा।प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि आयोजन के दौरान पुलिस द्वारा जारी यातायात निर्देशों का पालन करें और नशे के खिलाफ उठने वाले हजारों कदमों का हिस्सा बनकर एकजुटता का संदेश दें।
