सब-हेडलाइन:करीब 2.5 बीघा भूमि में 5-6 सीढ़ीनुमा खेतों में की जा रही थी अवैध भांग की खेती, अभियान लगातार जारी
स्पेशल टास्क फोर्स (STF) कुल्लू ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मंडी जिले के थाची-पंजाई क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती का भंडाफोड़ किया है। मौके पर करीब 2 लाख से अधिक भांग के पौधों को नष्ट कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, STF कुल्लू को गुप्त सूचना मिली थी कि थाची-पंजाई क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से भांग की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर STF की एक टीम को मौके पर भेजा गया। गहन तलाशी अभियान के दौरान बूंग नामक स्थान पर कायल के पेड़ों के बीच लगभग 2.5 बीघा निजी भूमि में बने 5-6 सीढ़ीनुमा खेतों में भांग की अवैध खेती पाई गई।
पौधों की गिनती करने पर मौके पर करीब 2 लाख से अधिक भांग के पौधे पाए गए, जिन्हें STF टीम ने वहीं पर नष्ट कर दिया।
इस मामले में पुलिस थाना औट, जिला मंडी में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, जिस भूमि पर भांग की खेती की गई थी, उसके वास्तविक मालिक का पता भूमि की निशानदेही के बाद लगाया जाएगा। इसके बाद संबंधित आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
STF कुल्लू ने बताया कि अब तक अभियान के दौरान करीब 11 बीघा निजी एवं सरकारी भूमि पर अवैध रूप से उगाए गए 10 लाख से अधिक भांग के पौधों को नष्ट किया जा चुका है। अवैध भांग की खेती के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
