हमीरपुर, 10 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 15 अगस्त को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बड़सर में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां जिला प्रशासन ने तेज कर दी हैं। सोमवार शाम प्रदेश के मुख्य सचिव केके पंत ने शिमला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हमीरपुर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने समारोह को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक के दौरान उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने मुख्य सचिव को जिला प्रशासन की ओर से समारोह के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रबंधों और तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालमन शर्मा, एसी टू डीसी संजीत सिंह, बड़सर की एसडीएम स्वाति डोगरा, जिला भाषा अधिकारी संतोष कुमार पटियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।