ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुख मांगें उठाने का दिया आश्वासन

हमीरपुर, 06 अगस्त।मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने बुधवार को ग्राम पंचायत जटेहड़ी के गांव पंतेहड़ी का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग प्रमुखता से उठाई।ग्रामीणों की मांग पर सुनील शर्मा बिट्टू स्वयं प्रस्तावित सड़क स्थल पर पहुंचे और निर्माण की संभावनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सड़क का एक हिस्सा वन विभाग की भूमि से होकर गुजरता है। इस पर उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो सके।सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि इस विषय को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष भी रखा जाएगा, जिससे गांववासियों को जल्द सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।दौरे के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, बुनियादी सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी मांगें भी उनके समक्ष रखीं। सुनील शर्मा बिट्टू ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी जनसमस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सभी प्रमुख मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर उनके शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।पंतेहड़ी पहुंचने पर स्थानीय पंचायत प्रधान रविंद्र सिंह, उपप्रधान ज्योति प्रकाश, वार्ड पंच मीनू देवी, ब्रह्मी देवी, अमन कुमार, देवी दत्त कालिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सुनील शर्मा बिट्टू का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर रोशन लाल, अशोक कुमार, देशराज, पमिल, विक्की राणा, विजय कुमार, उषा रानी, नीलम कुमारी, किरण कुमारी, सरोज कुमारी, शालू, शिल्पा सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
