
आपकी आवाज़ न्यूज़ | बैजनाथ | 6 अगस्त
बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने गुरुवार को उपमंडल बैजनाथ की ग्राम पंचायत कुदैल में उद्यान विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश सरकार की शिवा परियोजना के अंतर्गत आयोजित फलदार पौधारोपण अभियान का शुभारंभ उन्नत किस्म के अमरूद का पौधा लगाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, बागवानी क्षेत्र के विस्तार तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से शिवा परियोजना को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।
विधायक किशोरी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों और बागवानों की आर्थिक समृद्धि के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं प्रभावी ढंग से संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि शिवा परियोजना इन प्रयासों की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसका उद्देश्य अनुपयोगी अथवा कम उत्पादक भूमि को फलदार बागों में विकसित कर किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि क्लस्टर आधारित बागवानी मॉडल से उत्पादन लागत में कमी आएगी, बेहतर प्रबंधन संभव होगा तथा किसानों को अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य मिलेगा। उन्होंने किसानों से आधुनिक बागवानी तकनीकों को अपनाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत अधिकाधिक फलदार पौधे लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे आर्थिक समृद्धि के साथ-साथ हरित एवं स्वच्छ हिमाचल के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
उद्यान विभाग के अधिकारियों ने परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शिवा परियोजना के तहत ग्राम पंचायत कुदैल में 10 हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 10 हजार उन्नत किस्मों के फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा, जिससे 20 किसान प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे। परियोजना के अंतर्गत किसानों को गुणवत्तायुक्त पौधे, तकनीकी मार्गदर्शन, सिंचाई सुविधाएं, बागवानी प्रबंधन, वैज्ञानिक प्रशिक्षण, तकनीकी परामर्श तथा मूल्य संवर्धन से संबंधित सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे क्षेत्र में आधुनिक एवं वैज्ञानिक बागवानी को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी विवेक गुलेरिया, ग्राम पंचायत कुदैल की प्रधान नीलम कुमारी, उपप्रधान कृष्ण कुमार, ग्राम पंचायत नगेहड़ की प्रधान मीनाक्षी, उपप्रधान सुशील शर्मा, उपप्रधान चौबीन संसार चंद राणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शशि राणा, कांग्रेस महासचिव विमान राणा, विषय विशेषज्ञ सरिता शर्मा, उद्यान विकास अधिकारी संजीव कटोच, सहायक उद्यान विकास अधिकारी राजेश राणा, जिला समन्वयक विनोद कुमार, क्लस्टर अध्यक्ष प्रधान चंद, क्लस्टर अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
