
15 अगस्त तक हमीरपुर के 200 गांवों में लगाए जाएंगे एक लाख फलदार पौधे, छबोट से अभियान का शुभारंभ
हमीरपुर, 05 अगस्त। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने बुधवार को ग्राम छबोट में उद्यान विभाग द्वारा संचालित एचपीशिवा परियोजना के तहत पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं मौसंबी का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार एचपीशिवा परियोजना के माध्यम से कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बागवानी को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि करने और उच्च मूल्य वाली फल फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित कर रही है।सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि 15 अगस्त तक हमीरपुर जिले के लगभग 200 गांवों में एक लाख फलदार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि छबोट गांव में करीब तीन हेक्टेयर क्षेत्र में 3,000 मौसंबी के पौधे लगाए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि परियोजना के अंतर्गत किसानों को भूमि विकास, गुणवत्तायुक्त पौधरोपण सामग्री, सोलर फेंसिंग, सुनिश्चित सिंचाई व्यवस्था तथा ड्रिप सिंचाई प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। वहीं, उद्यान विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन में किसान स्वयं पौधारोपण और अन्य बागवानी कार्य कर रहे हैं, जिससे पौधों की बेहतर वृद्धि और परियोजना का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।उन्होंने किसानों से एचपीशिवा परियोजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह योजना किसानों के लिए आय के नए अवसर सृजित करने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाएगी।कार्यक्रम की शुरुआत में उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश्वर परमार ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित बागवानों का स्वागत किया तथा परियोजना की विस्तृत जानकारी दी।इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, एसएमएस डॉ. जीना पाटिल, एचडीओ डॉ. उषा, डॉ. आशा, डॉ. सूरज, बीडीसी सदस्य रघुबीर सिंह, उद्यान विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय बागवान उपस्थित रहे।
