शिमला, 4 अगस्त। हिमाचल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए शिमला के तारा देवी स्थित आईटीबीपी कैंप के समीप 1.120 किलोग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। कार्रवाई पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) ने की।पुलिस ने इस मामले में हरियाणा के अंबाला जिले के नारायणगढ़ निवासी 22 वर्षीय विजय कुमार को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार बरामद चिट्टे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 करोड़ रुपये आंकी गई है।पुलिस के अनुसार, यह वर्ष 2026 में अब तक हिमाचल में पकड़ी गई चिट्टे की सबसे बड़ी खेप मानी जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
