समीक्षा बैठक में तैयारियों का जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता: विधायक संजय रत्न
ज्वालामुखी, 31 जुलाई।
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में आयोजित होने वाले श्रावण अष्टमी नवरात्र मेले के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को मंदिर न्यास के स्वागत कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक आयुक्त (मंदिर) एवं एसडीएम ज्वालामुखी डॉ. संजीव शर्मा ने की, जबकि स्थानीय विधायक संजय रत्न ने विशेष रूप से उपस्थित होकर विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में विधायक संजय रत्न ने बताया कि इस वर्ष श्रावण अष्टमी नवरात्र मेला 11 अगस्त से 25 अगस्त तक कुल 15 दिनों तक आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावी कतार प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ 50 अतिरिक्त होमगार्ड जवानों की तैनाती की जाएगी। वहीं, नगर परिषद को पूरे मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए 80 अस्थायी सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, पार्किंग स्थलों के बेहतर प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए प्रमुख स्थानों पर सूचना संकेतक लगाने पर भी जोर दिया गया।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर विधायक ने मंदिर परिसर में मेडिकल कैंप स्थापित करने, पर्याप्त दवाइयों, चिकित्सकों और 108 एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग को मेले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने तथा दुकानदारों को खाद्य सामग्री ढककर रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सेवा भावना और श्रद्धालुओं के प्रति सौहार्दपूर्ण व्यवहार के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में सहायक आयुक्त (मंदिर) एवं एसडीएम डॉ. संजीव शर्मा ने सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के बेहतर समन्वय से इस वर्ष श्रावण अष्टमी नवरात्र मेले का आयोजन भव्य, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।
बैठक में तहसीलदार अजय मडंयाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग विवेक शर्मा, जल शक्ति विभाग के अनीश, बिजली बोर्ड के करणवीर सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष सोम किरण, उपाध्यक्ष दीप्ति शर्मा, न्यास सदस्य दिव्याशु भूषण दत्त, जितेश, दीपक, अवनिंद्र, शैलेन्द्र, विरेन्द्र सूद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


