क्लब हाउस के समीप देर रात हुआ हादसा, 20 फुट गहरी खाई में गिरा वाहन; पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
मनाली, 1 अगस्त।पर्यटन नगरी मनाली के ओल्ड मनाली स्थित क्लब हाउस के समीप शुक्रवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मंडी और कुल्लू जिले के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक जिम्नी वाहन अनियंत्रित होकर करीब 20 फुट नीचे मनालसु नाले में जा गिरा।पुलिस के अनुसार, 112 कंट्रोल रूम से दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक तुलसी राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान होटल Rest N Ramble के मैनेजर जयन्त तिवारी (निवासी जिला अल्मोड़ा, उत्तराखंड) ने बताया कि रात करीब एक बजे उन्हें होटल के पीछे क्लब हाउस की ओर सड़क से नीचे वाहन गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि काले रंग की जिम्नी (HP-26A-0011) लगभग 20 फुट नीचे मनालसु नाले में गिरी हुई थी।हादसे में रोहित कुमार (32), निवासी गांव झिड़ी, तहसील औट, जिला मंडी तथा करुण बौद्ध, निवासी गांव बजौरा, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू की मौत हो गई। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।वहीं, हादसे में घायल विवेक, नरेश कुमार और उर्मिला का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण करवाकर एमएलसी भी प्राप्त कर ली है।पुलिस ने दोनों मृतकों के शव मनाली शवगृह में सुरक्षित रखवा दिए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
