भोरंज, 30 जुलाई 2026।उपमंडल भोरंज में बेरोजगार युवाओं को राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना फेज-4 के तहत सब्सिडी पर बस रूट आवंटित करने के उद्देश्य से वीरवार को मिनी सचिवालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।एसडीएम शशिपाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में भोरंज उपमंडल के 10 बस रूटों को चिन्हित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एसडीएम ने बताया कि योजना के तहत युवाओं को ई-बस खरीदने पर 50 प्रतिशत तथा डीजल बस पर 30 प्रतिशत तक सब्सिडी प्रदान की जाएगी।उन्होंने कहा कि इस योजना से एक ओर बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर भोरंज उपमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को बेहतर बस सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।बैठक में जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा, अन्य संबंधित अधिकारी तथा ट्रांसपोर्टर भी उपस्थित रहे।

