मंडी /पधर, 22 जुलाई। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सौजन्य से संचालित विशेष प्रचार अभियान के तहत बुधवार को संवाद युवा मंडल के कलाकारों ने ग्राम पंचायत कुफरी के गांव लगधार तथा ग्राम पंचायत पाली के नगरोटा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान लोकगीतों, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए अधिनियम में कई महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने अत्याचार की स्थिति में उपलब्ध कानूनी संरक्षण, अधिकारों तथा न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जागरूक किया।कार्यक्रम के दौरान अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, प्रशिक्षण एवं दक्षता विकास योजना सहित अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कलाकारों ने पात्र लोगों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर में सुधार लाने का आह्वान किया।इस अवसर पर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया। प्रदेश सरकार के एंटी चिट्टा अभियान के तहत चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया। लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी इस बुराई से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।कार्यक्रम में स्थानीय पंचायतों के प्रधान, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

