श्री मंदिर ऐप के माध्यम से देश-विदेश के श्रद्धालु घर बैठे कर सकेंगे दर्शन, पूजा और चढ़ावा अर्पित
बैजनाथ, 23 जुलाई।जिला प्रशासन कांगड़ा की पहल पर आगामी 30 जुलाई 2026 से ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ और महाकाल मंदिर में श्री मंदिर ऐप के माध्यम से डिजिटल दर्शन, ऑनलाइन पूजा-अर्चना एवं चढ़ावा अर्पित करने की सुविधा शुरू की जाएगी।उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) बैजनाथ संकल्प गौतम ने बताया कि श्री मंदिर ऐप देश के प्रमुख डिजिटल धार्मिक प्लेटफॉर्मों में से एक है, जिसके माध्यम से देश के कई प्रसिद्ध और प्राचीन मंदिरों में ऑनलाइन दर्शन, पूजा-अर्चना तथा चढ़ावे की सुविधा उपलब्ध है। इस प्लेटफॉर्म से देश-विदेश के लाखों श्रद्धालु नियमित रूप से धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले रहे हैं।उन्होंने कहा कि इस नई सुविधा से श्रद्धालु घर बैठे अधिकृत रूप से मंदिरों में पूजा-अर्चना, विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता और चढ़ावा अर्पित कर सकेंगे। इससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, प्रवासी भारतीयों तथा किसी कारणवश मंदिर नहीं पहुंच पाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।एसडीएम संकल्प गौतम ने बताया कि डिजिटल माध्यम से प्राप्त होने वाले चढ़ावे और धार्मिक सेवाओं से मंदिरों की आय में भी वृद्धि होगी, जिससे मंदिरों के रखरखाव, संरक्षण और विकास कार्यों को अतिरिक्त वित्तीय सहायता मिलेगी।उन्होंने इस पहल के लिए उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन एवं उपमंडल प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से पहली बार उपमंडल बैजनाथ में श्रद्धालुओं को डिजिटल माध्यम से दर्शन एवं पूजा-अर्चना की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह पहल जिले की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।एसडीएम ने बताया कि इससे पहले श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर, कांगड़ा और श्री चामुंडा देवी मंदिर में यह सुविधा सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। अब शिव मंदिर बैजनाथ और महाकाल मंदिर के जुड़ने से अधिक संख्या में श्रद्धालु डिजिटल माध्यम से मंदिरों की धार्मिक सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
