सरकाघाट, 07 अगस्त।
सरकाघाट बाजार में सी.सी. पेवर ब्लॉक बिछाने के निर्माण कार्य के चलते 07 से 29 अगस्त, 2026 तक बाजार क्षेत्र में सड़क की एक लेन अस्थायी रूप से बंद रहेगी। इस दौरान दूसरी लेन से वाहनों की आवाजाही पुलिस की निगरानी में नियंत्रित रूप से करवाई जाएगी।
उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम ने लोक निर्माण विभाग (बी एंड आर) मंडल, सरकाघाट के अनुरोध पर यातायात व्यवस्था संबंधी आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि जोगिंद्रनगर–सरकाघाट–घुमारवीं मार्ग पर निर्माण कार्य को सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरा करने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।
एसडीएम ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम जनता की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। लोक निर्माण विभाग को निर्माण स्थल और आवश्यक डायवर्जन स्थानों पर स्पष्ट सूचना एवं चेतावनी बोर्ड लगाने, निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एक वाहन और संपर्क हेतु मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि निर्माण अवधि के दौरान प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा आवश्यक सावधानी बरतते हुए सहयोग दें, ताकि निर्माण कार्य सुरक्षित, व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

