डीसी गंधर्वा राठौड़ ने तैयारियों की समीक्षा की, अणु सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड और डिग्री कॉलेज परिसर में 26 सितंबर से 6 अक्तूबर तक चलेगी भर्ती प्रक्रिया।
हमीरपुर, 23 जुलाई।भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती के तहत विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (CEE) उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की भर्ती रैली 26 सितंबर से 6 अक्तूबर तक हमीरपुर के अणु स्थित सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड एवं डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित की जाएगी। भर्ती रैली में ग्राउंड टेस्ट, मेडिकल जांच और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को हमीर भवन में थल सेना भर्ती कार्यालय और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उपायुक्त ने बताया कि इस बार हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के अभ्यर्थियों के साथ-साथ क्लर्क श्रेणी के लिए प्रदेश के अन्य जिलों के युवा भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। कुल 4,571 अभ्यर्थियों के ग्राउंड टेस्ट, मेडिकल और दस्तावेज सत्यापन की योजना बनाई गई है। प्रतिदिन लगभग 550 युवाओं की भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्य प्रक्रिया 4 अक्तूबर तक पूरी करने का प्रयास रहेगा, जबकि 5 और 6 अक्तूबर को खराब मौसम की स्थिति में रिजर्व दिवस रखा गया है।भर्ती रैली के दौरान सेना के लगभग 200 अधिकारियों और जवानों के ठहरने की व्यवस्था भी जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी।डीसी ने संबंधित अधिकारियों को भर्ती स्थल पर बिजली, पेयजल, अग्निशमन, शौचालय, सफाई, मेडिकल सुविधा, इंटरनेट, कंप्यूटर-प्रिंटर और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दस्तावेज सत्यापन के लिए शिक्षा विभाग, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, आईटीआई और अन्य शिक्षण संस्थानों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी तैनात किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की मैदान में तड़के सुबह से ही एंट्री शुरू होगी। इसके लिए अतिरिक्त बस सेवाएं उपलब्ध करवाने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।उपायुक्त ने भर्ती रैली के दौरान प्रदर्शन बढ़ाने वाली प्रतिबंधित दवाओं के इस्तेमाल और रैली स्थल के आसपास सक्रिय संदिग्ध लोगों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को दवा विक्रेताओं के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा।बैठक में सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने भर्ती रैली की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर एसपी बलवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त राकेश शर्मा, एसडीएम संजीत सिंह, सहायक आयुक्त रजत चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

