भारतीय रिजर्व बैंक और केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाए जाएंगे सभी मुद्देहिमकोफैड ने बचत भवन में आयोजित किया जिला स्तरीय सहकारी सम्मेलन

हमीरपुर, 25 अगस्त। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ (हिमकोफैड) की ओर से मंगलवार को बचत भवन हमीरपुर में जिला स्तरीय सहकारी सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि सहकारी सभाएं ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर कार्य करती हैं और सीधे आम लोगों से जुड़ी हैं। अरबों रुपये का कारोबार करने वाली इन सहकारी सभाओं की समस्याओं का समाधान प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पौने चार वर्ष के कार्यकाल में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं और सहकारी सभाओं के हितों की रक्षा के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि सहकारी सभाओं को बैंकों से अधिक ब्याज दिलवाने तथा इससे जुड़े मुद्दों को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके अलावा एचआर पॉलिसी और कंप्यूटरीकरण को लेकर केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना से संबंधित मुद्दों को भी प्रदेश सरकार प्रमुखता से उठाएगी, ताकि सहकारी सभाओं के हित सुरक्षित रह सकें। उन्होंने सहकारी सभाओं के कर्मचारियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था हमीरपुर में ही करवाने का मामला मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का आश्वासन भी दिया।सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिला हमीरपुर को मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, प्रदेश का पहला अलाइड हेल्थ कॉलेज, डेडिकेटेड साइंस कॉलेज और आयुर्वेदिक एम्स जैसे बड़े संस्थान मंजूर किए हैं। हमीरपुर में प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा भी बनाया जा रहा है। इसके अलावा जिले में कई अन्य विकासात्मक परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक हमीरपुरवासी के लिए गर्व की बात है।इस अवसर पर सहायक पंजीयक रवि कुमार ने जिले की सहकारी सभाओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिला में 368 सहकारी सभाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके सदस्यों की संख्या दो लाख से अधिक है।जिला सहकारी विकास संघ के अध्यक्ष यशवीर पटियाल, हिमकोफैड के पूर्व सदस्य आरसी डोगरा, हिमकोफैड के अधिकारी गौरव कुमार और अशोक शर्मा तथा सहकारी सभा कर्मचारी संघ के जिला महासचिव अशोक कुमार ने भी अपने विचार एवं सुझाव रखे।हिमकोफैड के बीओडी सदस्य राजेश ठाकुर और संतोष शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। सम्मेलन में एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, हिमकोफैड के अधिकारी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, मनोज शर्मा, प्रवेश ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

