सफेद कपड़ों में लिपटी थीं तस्वीरें, प्रत्येक पर लगी थीं तीन-तीन कीलें; तस्वीरें वहां किसने रखीं, इसका खुलासा नहीं
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के चिंतपूर्णी क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नारी-चिंतपूर्णी पंचायत के वार्ड नंबर पांच स्थित श्मशानघाट में पांच लोगों की तस्वीरें मिलने से इलाके में चर्चा का माहौल है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मंगलवार शाम मिली इन तस्वीरों को सफेद कपड़ों में लपेटा गया था और प्रत्येक तस्वीर पर तीन-तीन कीलें लगी हुई थीं। घटनास्थल पर अंतिम संस्कार में इस्तेमाल होने वाली कुछ सामग्री भी पड़ी मिली।
भाजपा नेता की तस्वीर भी मिली
तस्वीरों में नारी गांव के वार्ड नंबर तीन के कारोबारी एवं भाजपा नेता सुनीश डढवाल की तस्वीर भी शामिल बताई गई है। भाजपा नेता ने बताया कि उनकी तस्वीर इंटरनेट मीडिया से लेकर प्रिंट करवाई गई थी और उन्होंने पुलिस में शिकायत देने की बात कही है।
पंचायत प्रधान को मिली शिकायत
पंचायत प्रधान प्रवीण वाला ने बताया कि उन्हें इस मामले की शिकायत मिली है। घटनास्थल पर अंधेरा और आसपास घास होने के कारण वहां मौजूद सभी वस्तुओं की स्थिति स्पष्ट रूप से देख पाना संभव नहीं हो पाया।
तस्वीरें किसने रखीं, जांच के बाद ही होगा खुलासा :-श्मशानघाट में तस्वीरें किसने रखीं और इसके पीछे क्या उद्देश्य था, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन किसी व्यक्ति की संलिप्तता या किसी कथित तांत्रिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है।
