चम्बा, 11 अगस्त 2026। हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले से एक बेहद दर्दनाक और अमानवीय घटना सामने आई है। मंगलवार को एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने ही 6 वर्षीय मासूम बच्चे को पुल से उफनती रावी नदी में फेंक दिया। घटना के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चम्बा दिनेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से रावी नदी के किनारे सघन तलाशी अभियान चलाया। नदी का बहाव तेज होने के कारण फिलहाल बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस बल और गोताखोरों की मदद से नदी के आसपास लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।चम्बा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चे की तलाश युद्धस्तर पर की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों की भी गहनता से जांच कर रही है और आरोपी पिता से पूछताछ की जा रही है।फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता रावी नदी में गिरे मासूम बच्चे को जल्द से जल्द तलाश करना है। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
