सुजानपुर श्मशान घाट के जर्जर रास्ते ने बढ़ाई चिंता, सुरक्षित मार्ग की मांग
आपकी आवाज न्यूज़ सुजानपुर राजन मेहता । सुजानपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर-2 स्थित श्मशान घाट तक जाने वाले रास्ते की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा रोष है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बरसात के दिनों में रास्ता अत्यधिक फिसलन भरा और जोखिमपूर्ण हो जाता है, जिससे अंतिम संस्कार के लिए शव को श्मशान घाट तक ले जाना भी बेहद कठिन हो जाता है।स्थानीय लोगों ने ‘आपकी आवाज़ न्यूज़’ के माध्यम से प्रशासन और सरकार से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है।युवा करण गुप्ता ने कहा कि श्मशान घाट के रास्ते का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान रास्ते की सीढ़ियां फिसलन भरी हो जाती हैं, जिससे शव को चार कंधों पर ले जाना जान जोखिम में डालने जैसा है। उन्होंने कहा कि जो भी सरकार इस कार्य को पूरा करेगी, सुजानपुर की जनता उसका समर्थन करेगी।वहीं दीप गुप्ता ने कहा कि बुजुर्गों को श्मशान घाट तक पहुंचने में सबसे अधिक परेशानी होती है। उन्होंने सरकार से नए और सुरक्षित रास्ते का निर्माण युद्धस्तर पर करवाने की मांग की।स्थानीय निवासी श्री राम ने बताया कि वर्तमान रास्ता संकरा और जोखिम भरा है। उन्होंने वार्ड नंबर-2 के पार्षद मनीष गुप्ता से आग्रह किया कि नगर परिषद में बजट का प्रावधान कर इस महत्वपूर्ण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए।इस संबंध में वार्ड नंबर-2 के पार्षद मनीष गुप्ता ने कहा कि उन्हें श्मशान घाट के रास्ते की बदहाल स्थिति की पूरी जानकारी है। उन्होंने बताया कि सुजानपुर शहर की 10 हजार से अधिक आबादी इस श्मशान घाट का उपयोग करती है, इसलिए इसका निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि चाहे सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, जो भी इस कार्य को पूरा करेगा, शहर की जनता उसका पूरा समर्थन करेगी।स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए श्मशान घाट के सुरक्षित एवं पक्के रास्ते का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए, ताकि लोगों को अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील अवसर पर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


