धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठी मांग
सुजानपुर में शनिवार को मिनी सचिवालय के समीप कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर कथित हमले के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) सुजानपुर को ज्ञापन भी सौंपा।इस विरोध प्रदर्शन में सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह राणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, नगर परिषद अध्यक्ष, पार्षद तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और पुलिस की कार्रवाई की आलोचना करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की। नेताओं ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान दर्ज मामलों को वापस लेने की भी मांग की।विधायक कैप्टन रणजीत सिंह राणा ने कहा कि छात्रों की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा होनी चाहिए, ताकि भविष्य में लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ न हो। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज़ को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।उन्होंने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर शाम 6:00 बजे हमीरपुर के गांधी चौक में कैंडल मार्च का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विद्यार्थियों के अभिभावकों और आम नागरिकों से भी कैंडल मार्च में शामिल होने की अपील की।प्रदर्शन के समापन पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) सुजानपुर को सौंपा।
