
भोरंज, 31 जुलाई।
भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने शुक्रवार को ऐतिहासिक सम्मू ताल के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य तथा निर्माणाधीन बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान विधायक सुरेश कुमार ने सम्मू ताल में स्थापित की जाने वाली हाई मॉस्ट लाइट का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में भोरंज विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। वर्षों से उपेक्षित रहे क्षेत्र में अब करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद सम्मू ताल एक प्रमुख धार्मिक स्थल के साथ-साथ आकर्षक पर्यटन स्थल और पिकनिक स्पॉट के रूप में भी विकसित होगा। यहां स्थापित की जा रही भगवान शिव की 20 फीट ऊंची प्रतिमा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी तथा क्षेत्र की नई पहचान स्थापित करेगी।
विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सम्मू ताल को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, स्वच्छ और सुंदर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर भोरंज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, महासचिव अनिल कुमार, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, एसडीएम शशिपाल शर्मा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

