भरमौर, 23 जुलाई। लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के कारण चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सात माह का ऑक्सीजन सपोर्ट पर निर्भर मासूम अपने परिजनों के साथ बीच रास्ते में फंस गया। सड़क के दोनों ओर यातायात बंद होने से परिवार की चिंता बढ़ गई, लेकिन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बच्चे को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचा ली।जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन और चट्टानों के गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। इसी दौरान ऑक्सीजन सपोर्ट पर निर्भर सात माह के मासूम को तत्काल चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता थी, लेकिन सड़क बंद होने के कारण परिवार अस्पताल नहीं पहुंच पा रहा था।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए NHAI की हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने बिना समय गंवाए अपने वाहन से बच्चे और उसके परिजनों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। टीम ने सक्रिय भूस्खलन वाले क्षेत्र में जोखिम उठाकर राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा और सड़क को जल्द बहाल करने के प्रयास भी निरंतर किए।भरमौर प्रशासन ने NHAI की पूरी टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनसेवा और मानवीय दायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम को देखते हुए केवल अत्यावश्यक होने पर ही यात्रा करें। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभाग या प्रशासन से तुरंत संपर्क करें।


