3 करोड़ की सड़क व पुल परियोजनाओं का शिलान्यास, सैंज-न्यूली-शांगड़ मार्ग बनेगा मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड, एनएच-305 को डबल लेन बनाने की डीपीआर केंद्र को भेजी
कुल्लू, 28 जुलाई।लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को बंजार विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान क्षेत्र को विकास की कई बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने लगभग 3.08 करोड़ रुपये की लागत से सड़क एवं पुल निर्माण परियोजनाओं का शिलान्यास किया और घोषणा की कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY)-4 के तहत बंजार विधानसभा क्षेत्र में 150 करोड़ रुपये की लागत से 20 नई सड़कों का निर्माण एवं विस्तार किया जाएगा।मंत्री ने नाबार्ड के तहत 1.12 करोड़ रुपये की लागत से सुचेहण-शांगड़ सड़क के सुधारीकरण तथा 1.96 करोड़ रुपये की लागत से तरहेड़ा वैली ब्रिज निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी हों, ताकि लोगों को जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें।तीन पंचायतों को मिलेगा तरहेड़ा पुल का लाभतरहेड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह पुल लंबे समय से स्थानीय लोगों की प्रमुख मांग थी। इसके निर्माण से तीन पंचायतों के हजारों लोगों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।शांगड़ पर्यटन को मिलेगा नया आयाममंत्री ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल शांगड़ तक बेहतर सड़क संपर्क बनने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने लारजी-सैंज तथा सैंज-न्यूली-शांगड़ सड़क को मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड (MDR) घोषित करने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे इस मार्ग का व्यापक विकास होगा और क्षेत्र में ऑल वेदर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।PMGSY-4 के तहत 150 करोड़ से बनेंगी 20 सड़केंविक्रमादित्य सिंह ने बताया कि प्रदेश में पीएमजीएसवाई-4 के अंतर्गत 1500 किलोमीटर सड़कों के निर्माण के लिए 2300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें बंजार, आनी और कुल्लू क्षेत्रों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग और बड़ी संख्या में उपलब्ध कराई गई गिफ्ट डीड के कारण इन परियोजनाओं को स्वीकृति मिल सकी।53 करोड़ से होंगे टारिंग और पैचवर्क के कार्यमंत्री ने बताया कि सैंज और बंजार घाटी की विभिन्न सड़कों पर 53 करोड़ रुपये की लागत से टारिंग, रिटेनिंग वॉल, कल्वर्ट निर्माण और पैचवर्क के कार्य शुरू किए जा चुके हैं। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बजट भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों।एनएच-305 को डबल लेन बनाने की दिशा में पहलउन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर जलोड़ी-बंजार-लारजी मार्ग को डबल लेन बनाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर केंद्र सरकार को भेज दी गई है। इस मार्ग पर टारिंग का कार्य भी पूरा किया जा चुका है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर यातायात सुविधा मिल रही है।आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास के लिए सरकार प्रतिबद्धमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 और 2025 में आई प्राकृतिक आपदाओं से बंजार क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ था। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के राहत एवं पुनर्वास के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।बंजार में 6 करोड़ की पार्किंग परियोजना अंतिम चरण मेंउन्होंने बताया कि शहरी विकास विभाग के माध्यम से लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से बंजार में आधुनिक पार्किंग का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इसके शुरू होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर पार्किंग सुविधा मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी।दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास का आह्वानलोक निर्माण मंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।दौरे के दौरान तरहेड़ा में स्थानीय लोगों ने मंत्री का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां ने उनका स्वागत करते हुए क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी।


