Oplus_131072
जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक में दिए निर्देश, उचित मूल्य की दुकानों पर शिकायत नंबर प्रदर्शित करने पर जोर
हमीरपुर, 29 जुलाई। जिला में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्नों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एडीसी अभिषेक गर्ग ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग तथा राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों को फील्ड में लगातार निरीक्षण, सैंपलिंग और टेस्टिंग करने के निर्देश दिए हैं।बुधवार को आयोजित जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी ने कहा कि जिले की सभी 320 उचित मूल्य की दुकानों पर शिकायत नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाने चाहिए, ताकि उपभोक्ता खाद्यान्नों की गुणवत्ता या उपलब्धता से संबंधित किसी भी समस्या की तत्काल शिकायत दर्ज करा सकें।बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2026 की पहली छमाही के दौरान भारतीय खाद्य निगम एवं राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के गोदामों, आटा मिलों और उचित मूल्य की दुकानों में 3,421 निरीक्षण किए गए। इस दौरान 75 खाद्यान्न सैंपल लिए गए, जिनमें से केवल एक सैंपल फेल पाया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों में 2,089 निरीक्षण किए गए, जिनमें 5 मामलों में अनियमितताएं मिलने पर 9,252 रुपये का जुर्माना लगाया गया।एडीसी अभिषेक गर्ग ने बताया कि जिले के 1,53,647 राशन कार्डों से जुड़े 5,48,675 उपभोक्ताओं को नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं 10 गैस एजेंसियों के माध्यम से 1,63,150 उपभोक्ताओं को रसोई गैस की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को जिले के सभी क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने बताया कि जिले के सभी राशन कार्ड धारकों की आधार और मोबाइल सीडिंग पूरी हो चुकी है, जबकि 96 प्रतिशत लाभार्थियों की ई-केवाईसी भी पूर्ण की जा चुकी है।बैठक में जिले में उचित मूल्य की नई दुकानों के लिए प्राप्त प्रस्तावों और आवेदनों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पात्र आवेदनों एवं उपयुक्त प्रस्तावों को स्वीकृति देने का निर्णय लिया गया।बैठक में समिति की सदस्य सचिव एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की जिला नियंत्रक आंचल कुमारी ने विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष अनीता शर्मा, खाद्य आपूर्ति निगम की क्षेत्रीय प्रबंधक रीटा कुमारी, भारतीय खाद्य निगम, सहकारिता विभाग, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
